Click here to Visit the RBI’s new website

प्रेस प्रकाशनी

(280 kb )
भारतीय रिज़र्व बैंक ने अदावी जमाराशियों की खोज के लिए उद्गम – UDGAM - केंद्रीकृत वेब पोर्टल का लोकार्पण किया

17 अगस्त 2023

भारतीय रिज़र्व बैंक ने अदावी जमाराशियों की खोज के लिए उद्गम – UDGAM - केंद्रीकृत वेब पोर्टल का
लोकार्पण किया

गवर्नर, भारतीय रिज़र्व बैंक ने आज एक केंद्रीकृत वेब पोर्टल उद्गम (अदावी जमाराशियां - सूचना तक पहुंच का प्रवेश द्वार) {UDGAM (Unclaimed Deposits – Gateway to Access inforMation)} का लोकार्पण किया। यह पोर्टल भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा जनता के उपयोग हेतु विकसित किया गया है ताकि उन्हें एक ही स्थान पर कई बैंकों में अपनी अदावी जमाराशियों की खोज सुविधाजनक और आसान हो सके।

भारतीय रिज़र्व बैंक ने दिनांक 6 अप्रैल 2023 को विकासात्मक और विनियामक नीतियों पर वक्तव्य के भाग के रूप में अदावी जमाराशियों की खोज के लिए एक केंद्रीकृत वेब पोर्टल के विकास की घोषणा की थी। अदावी जमाराशियों की मात्रा की बढ़ती प्रवृत्ति को देखते हुए, इस मामले पर भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा जनता को सुग्राही बनाने हेतु समय-समय पर जन जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं। इसके अलावा, इन पहलों के माध्यम से, भारतीय रिज़र्व बैंक जनता को अदावी जमाराशियों का दावा करने के लिए अपने संबंधित बैंकों की पहचान करने और उनसे संपर्क करने के लिए प्रोत्साहित करता रहा है।

वेब पोर्टल के लोकार्पण से उपयोगकर्ताओं को अपनी अदावी जमाराशियों/खातों की पहचान करने में मदद मिलेगी और वे या तो जमाराशियों का दावा कर सकेंगे या अपने जमा खातों को अपने संबंधित बैंकों में सक्रिय कर सकेंगे। रिज़र्व बैंक सूचना प्रौद्योगिकी प्राइवेट लिमिटेड (ReBIT), भारतीय वित्तीय प्रौद्योगिकी और संबद्ध सेवाएं (IFTAS) और सहभागी बैंकों के सहयोग से पोर्टल विकसित किया गया है।

शुरुआत में, उपयोगकर्ता पोर्टल पर वर्तमान में उपलब्ध सात बैंकों के संबंध में अपनी अदावी जमाराशियों का विवरण प्राप्त करने में सक्षम होंगे। पोर्टल पर शेष बैंकों की खोज सुविधा चरणबद्ध तरीके से 15 अक्तूबर 2023 तक उपलब्ध कराई जाएगी।

(योगेश दयाल) 
मुख्य महाप्रबंधक

प्रेस प्रकाशनी: 2023-2024/765


2024
2023
2022
2021
2020
2019
2018
2017
2016
2015
2014
2013
2012
पुरालेख
Server 214
शीर्ष